कौन थी एयरहोस्टेस रोशनी?

नई दिल्ली। एयरहोस्टेस रोशनी का सपना था आसमान में उड़ान भरना। अपने इंस्टा हैंडल पर नाम के आगे उसने लिखा ‘स्काई लव्स हर’। आज रोशनी खुद आसमान में खो गई। रोशनी उसी विमान पर एयरहोस्टेस थी, जो टेकऑफ के चंद सेकंड्स बाद क्रैश हो गया। अपने हौसले से आसमान नापने निकली लड़की उसी आसमान में खो गई। पीछे रह गए हैं तो दर्द में डूबे परिजन, दोस्त और तमाम चाहने वाले। इंस्टाग्राम पर रोशनी के करीब 56 हजार फॉलोवर्स हैं। यहां एक तरफ वीडियो और तस्वीरों में हंसती-खिलखिलाती रोशनी है। दूसरी तरफ उसकी मौत से गमजदा उसके फॉलोवर्स। बड़ी संख्या में लोग रोशनी को अंतिम विदाई दे रहे हैं। सब उसकी हिम्मत और मेहनत को सलाम कर रहे हैं। बता दें कि अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान गुरुवार को क्रैश हो गया। इस हादसे में 265 लोगों की जान चली गई, जिसमें विमान के क्रू मेंबर्स भी शामिल हैं।

बेहद प्यारी इंसान
रोशनी की असामयिक मौत पर दोस्त और परिजन गम से बेहाल हैं। वहीं, उसकी इंस्टा फैमिली भी काफी उदास है। रोशनी के वीडियो के साथ की गई एक पोस्ट में लिखा है, ‘आरआईपी रोशनी, एक बेहद प्यारी एयर इंडिया केबिन क्रू, एक उभरती हुई सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर, जिसने बोइंग 787 के हादसे में अपनी जान गंवा दी।’ बता दें कि यह विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल पर गिरा था।

आसमान था दूसरा घर
एक अन्य पोस्ट में लिखा है, तुम बहुत जल्दी चली गई रोशनी। हम तुम्हें कभी भूल नहीं पाएंगे। आगे लिखा है कि उसने हमेशा पूरी शिद्दत के साथ अपना काम किया। यह उसका पसंदीदा काम था। जिन बादलों के ऊपर वह उड़ान भरती थी, उससे भी कहीं ज्यादा बड़ा उसका दिल था। हमेशा मुस्कुराने वाली और दूसरों का ख्याल रखने वाली। इस पोस्ट में आगे लिखा है कि आसमान उसके लिए दूसरा घर था और अब वह हमेशा के लिए वहीं, बस गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *