AC में ब्लास्ट से बिल्डिंग में लगी आग; अब तक 9 लोगों के शव बरामद

पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके विवेक विहार में रविवार तड़के एक 4 मंजिला रिहायशी इमारत में AC फटने से 6 फ्लैटों में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड को सुबह 3:47 में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग लगने की बाद उसमें कई लोग फंस गए जिनका रेस्क्यू करने के लिए रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं। इस दर्दनाक घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। चार मंजिला इस बिल्डिंग में कुल 8 परिवार रहते हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 3 मई को सुबह लगभग 03:48 बजे विवेक विहार थाने में विवेक विहार फेज-1 के मकान नंबर B-13 में आग लगने की घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी SHO विवेक विहार और ACP विवेक विहार के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। दमकल विभाग और क्राइम टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।
बिल्डिंग की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैटों में आग लगी हुई पाई गई। बचाव और आग बुझाने के कार्यों के दौरान इमारत से 10-15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए पास के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों के साथ ही DDMA के कर्मचारी, स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस कर्मी घटनास्थल पर मौजूद हैं।प्रारंभिक जांच के दौरान यह पाया गया है कि आग लगने की इस घटना में नौ लोगों की जान चली गई है। घटनास्थल पर आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *