नई दिल्ली,10 अक्टूबर। जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट के लिए दिल्ली पहुंचे सीजेपी फाउंडर अभिजीत दिपके को फ्लाइट से ही डिटेन कर लिया गया। उनके साथ सौरभ दास और आशुतोष रांका भी थे, तीनों को दिल्ली पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। दिल्ली पुलिस इस वक्त एक्शन मोड में है और किसी भी हालत में सीजेपी कार्यकर्ताओं को जंतर-मंतर जाने से रोकना चाहती है। आज जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट में शामिल होने के लिए दिपके, सौरभ और रांका के साथ मुबंई से रवाना हुए थे, लेकिन उन्हें फ्लाइट से उतरने ही नहीं दिया और वहीं से डिटेन कर लिया गया। इस घटनाक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दिल्ली पुलिस की कुछ महिला सिपाही फ्लाइट में प्रवेश करती हैं और दिपके को उनके साथ चलने के लिए कहती हैं। इस दौरान दिपके उनसे कहते हैं कि ये सब काम उन्हें फ्लाइट से नीचे उतरने देने के बाद भी किया जा सकता था। डिटेन होने के बाद अभिजीत दिपके ने कहा कि वो झुकेंगे नहीं। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने फेमस यूट्यूबर ध्रुव राठी को भी डिटेन कर लिया। इसके साथ ही अलग-अलग जगहों से 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा चुका है। डिटेन किए गए छात्रों में दिल्ली की जामिया यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी भी है। उन्हें कल रात को ही हिरासत में ले लिया गया था, जिसके बाद से सभी जामिया नगर पुलिस स्टेशन में हैं। दिल्ली पुलिस के आज के एक्शन से ऐसा लग रहा है कि पुलिस पिछली बार वाली गलतियां नहीं दोहराना चाहती है। धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जो प्रोटेस्ट जंतर-मंतर पर हुआ था, उसमें सभी जंतर-मंतर पहुंच गए थे और उसके बाद वहां से नहीं हिले थे।
इसलिए पुलिस अब सीजेपी नेताओं सहित प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर पहुंचने ही नहीं दे रही है।
अभिजीत,ध्रुव ,सौरभ और आशुतोष हिरासत में

