एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में भारत-ए ने धमाकेदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने नेपाल को 306 रनों से करारी शिकस्त दी। भारत-ए के 333 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की पूरी टीम महज 26 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अपने इरादे साफ कर दिए।
333 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बेबस नजर आई। नेपाल का कोई भी बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सका। टीम के पांच बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट चटकाते हुए नेपाल की पूरी पारी महज 26 रनों पर समेट दी।
भारत की ओर से प्रिंस यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में महज 6 रन देकर 5 विकेट हासिल किए। वहीं, हर्षित राणा ने 6 ओवर में 14 रन खर्च करते हुए 4 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। दोनों गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के आगे नेपाल की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई।
इससे पहले टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 332 रन बनाए। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा महज 9 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आयुष बदोनी भी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौटे। वैभव सूर्यवंशी 32 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय टीम ने 42 रन के स्कोर पर तीन विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने पारी को संभाला।

