*1 करोड़ की लागत के शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और 1 करोड़ के हाट बाजार की घोषणा, पेयजल व्यवस्था के लिए जल्द होगा 30 करोड़ रुपए के कार्य*
*बेमेतरा . नगर पंचायत मारो में विकास को नई गति देने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज महत्वपूर्ण पहल हुई। स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मारो में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने 2 करोड़ 31 लाख 79 हजार की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने नगर के विकास के लिए 2 करोड़ के नए निर्माण कार्यों तथा जल सुविधा के विस्तार के लिए जल्द ही लगभग 30 करोड़ के कार्य की घोषणा भी की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में साजा विधायक श्री ईश्वर साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में गणमान्य अतिथि श्री अजय साहू, अध्यक्ष पाठ्य पुस्तक निगम, जिला पंचायत सभापति श्रीमती अंजु बघेल सहित जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
*इन पांच विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन एवं लोकार्पण*
नगर पंचायत मारो में कुल 231.79 लाख रुपए की लागत के पांच विकास कार्यों में चार कार्यों का भूमिपूजन तथा एक कार्य का लोकार्पण किया गया।
इनमें वार्ड क्रमांक 03 में डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मंगल भवन निर्माण कार्य के लिए 75.20 लाख, मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (MRF) निर्माण के लिए 29.67 लाख, वार्ड क्रमांक 12 में देवराहा तालाब के मुक्तिधाम उन्नयन कार्य के लिए 48.71 लाख तथा विभिन्न वार्डों में 12 निर्माण कार्यों, सीसी रोड एवं आरसीसी नाली निर्माण के लिए 67.21 लाख की लागत के कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
इसी प्रकार नगर पंचायत मारो के अंतर्गत विकासखंड नवागढ़ के सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में 11 लाख की लागत से निर्मित रंगमंच एवं भवन का लोकार्पण किया गया। इन कार्यों से सामाजिक, स्वच्छता, आधारभूत संरचना एवं नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
*मारो में 2 करोड़ के नए निर्माण कार्यों की घोषणा*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए *उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव* ने मारो नगर पंचायत के विकास के लिए 1 करोड़ की लागत से शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा 1 करोड़ की लागत से हाट बाजार निर्माण की घोषणा की। इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं से स्थानीय व्यापारियों, छोटे व्यवसायियों एवं किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। व्यवस्थित बाजार विकसित होने से स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर की पेयजल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जल सुविधा के विस्तार के लिए जल्द ही लगभग 30 करोड़ की लागत से कार्य किए जाने की घोषणा की। इससे नगरवासियों को बेहतर जल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नगरों का सुनियोजित विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और बाजार जैसी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। मारो नगर पंचायत में भी विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
*खाद्य मंत्री दयालदास बघेल* ने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। नगर पंचायत मारो में विभिन्न निर्माण कार्यों से नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा। विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से समय-सीमा में पूरा किया जाना चाहिए।
*साजा विधायक ईश्वर साहू* ने कहा कि मारो सहित पूरे क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आज हुए भूमिपूजन एवं लोकार्पण और नई विकास कार्यों की घोषणाओं से नगर के विकास को नई दिशा मिलेगी। इन कार्यों से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।
*कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं* ने कहा कि नगर पंचायत मारो में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और अधोसंरचना विकास के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया है। इन कार्यों के पूर्ण होने से नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों की सौगात के लिए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। नगर पंचायत मारो में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, व्यवस्थित बाजार निर्माण और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में की गई घोषणाओं से नगर के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

