शराब की लत छोड़नी है. इसी उम्मीद में मध्य प्रदेश के बैतूल में कुछ लोग एक जगह पहुंचे. उनसे कहा गया कि पौधे की जड़ से बना एक खास पानी पीने से शराब छूट जाएगी. पानी का रंग लाल था. लोगों ने उसे पिया और फिर कुछ ऐसा हुआ, जिसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी. पानी पीने के बाद लोगों को उल्टियां होने लगीं. देखते ही देखते सात लोगों की तबीयत बिगड़ गई. इनमें से दो की मौत हो गई, जबकि पांच लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. घटना बैतूल के चिचोली थाना क्षेत्र के पाटाखेड़ा की है. मरने वालों की पहचान 34 साल के रामकिशोर झाड़े और 22 साल के संजय उइके के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, शराब छुड़ाने के नाम पर लोगों को एक पौधे की जड़ से तैयार किया गया तरल पदार्थ पिलाया जाता था. जड़ को पानी में भिगोकर लाल रंग का घोल बनाया जाता था. बुधवार को भी कुछ लोग इसी उम्मीद में वहां पहुंचे थे कि इस पानी को पीने से उनकी शराब की लत छूट जाएगी. लेकिन इसे पीने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी. उल्टियां शुरू हुईं और सात लोगों को परेशानी हुई. दो लोगों की मौत हो गई. बाकी पांच को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया.
जड़ी बूटी का काढ़ा पीने से हो गई दो की मौत, पांच अस्पताल में भर्ती

