दुर्ग पुलिस की बड़ी सफलता, 40 लाख के 201 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए

भिलाई आम नागरिकों की खोई हुई खुशियों को लौटाने के अपने अभियान को जारी रखते हुए दुर्ग पुलिस ने एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 201 मोबाइल फोन बरामद कर आज उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द कर दिया है। बरामद किए गए इन मोबाइलों की कुल अनुमानित बाजार कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है। शनिवार को दुर्ग स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां दुर्ग डीआईजी विजय अग्रवाल ने स्वयं अपने हाथों से मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे। अपने खोए हुए कीमती मोबाइल, जिनकी वापसी की उम्मीद वे लगभग छोड़ चुके थे, उन्हें दोबारा पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कई लोगों ने दुर्ग पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के लिए आभार व्यक्त किया इस अवसर पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए दुर्ग डीआईजी विजय अग्रवाल ने बताया कि ये सभी मोबाइल फोन अलग-अलग समय पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए थे। साइबर सेल और पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर इनकी तलाश शुरू की। उन्होंने जानकारी दी कि बरामद किए गए मोबाइलों में न केवल दुर्ग जिले और स्थानीय क्षेत्रों से, बल्कि पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र के नागपुर तथा अन्य समीपवर्ती राज्यों से भी ट्रैक कर फोन वापस लाए गए हैं दुर्ग डीआईजी ने आगे बताया कि इस कैलेंडर वर्ष में यह सातवां अवसर है, जब पुलिस द्वारा अभियान चलाकर गुम हुए मोबाइलों को बरामद कर उनके मालिकों को लौटाया गया है। इस वर्ष अब तक दुर्ग पुलिस करीब 1500 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर वास्तविक धारकों को सौंप चुकी है दुर्ग डीआईजी विजय अग्रवाल ने यह भी घोषणा की कि आगामी दिसंबर माह से पहले एक विशेष ‘मेगा अभियान’ चलाया जाएगा, ताकि लंबित आवेदनों पर कार्रवाई करते हुए अधिक से अधिक गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को राहत दी जा सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *