बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर स्थित सिमगा थाना क्षेत्र के दरचुरा गांव के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही तीन यात्रियों की मौत हो गई। वहीं इस हादसे में करीब 8 से 10 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
सुबह तड़के हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, रॉयल ट्रैवल्स की यह निजी यात्री बस (क्रमांक CG 04 NM 0859) अंबिकापुर से सवारियां लेकर रायपुर की ओर जा रही थी। सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे जैसे ही बस दरचुरा गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंची, वह हाईवे पर पहले से खराब होकर खड़े एक ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। बताया जा रहा है कि खराब ट्रक के आसपास चेतावनी के लिए ट्रैफिक कोन भी लगाए गए थे, लेकिन बस चालक संभवतः उन्हें नहीं देख पाया और यह भीषण दुर्घटना हो गई।
गैस कटर से काटकर निकाले गए यात्री
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सिमगा थाना पुलिस और डायल 112 की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। बस के परखच्चे उड़ जाने के कारण कई यात्री अंदर ही फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को तुरंत बस से बाहर निकालकर इलाज के लिए सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के सही कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

