कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए सांसद बृजमोहन के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में 1000 से अधिक स्थानों पर गूंजा हनुमान चालीसा

रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों पर हुआ सामूहिक पाठ, सांसद बृजमोहन अग्रवाल की अपील पर मंदिरों और विभिन्न स्थानों पर जुटे श्रद्धालु

रायपुर.भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु जीवन की कामना को लेकर मंगलवार को छत्तीसगढ़ में आस्था और प्रार्थना का व्यापक स्वरूप देखने को मिला। रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों सहित पूरे छत्तीसगढ़ में 1000 से अधिक स्थानों पर सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने अपने-अपने क्षेत्र के हनुमान मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर एकत्र होकर संकटमोचक हनुमान जी से कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल के आह्वान पर आयोजित इस सामूहिक प्रार्थना में रायपुर लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं के विभिन्न मंडलों में कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों ने सहभागिता की। राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक श्री दूधाधारी मठ में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में 11 बार सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने जिस साहस और सूझबूझ के साथ संकट की घड़ी में यात्रियों की सुरक्षा के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की, वह पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी और विमान को सुरक्षित बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान स्वयं कैप्टन स्मित ने बताया था कि कठिन परिस्थिति में वे हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे।

श्री अग्रवाल ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ की धरती से हजारों हाथ और करोड़ों भावनाएं एक ही प्रार्थना के साथ जुड़ी हैं—संकटमोचक हनुमान जी कैप्टन स्मित मच्छार को शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करें। यह केवल एक व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना नहीं, बल्कि उस साहस और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सामूहिक सम्मान भी है, जिसने संकट की घड़ी में अनेक लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि रायपुर लोकसभा क्षेत्र में 200 से अधिक स्थानों से लेकर छत्तीसगढ़ के 1000 से अधिक स्थानों तक जिस तरह लोग इस प्रार्थना से जुड़े, वह कैप्टन स्मित के प्रति प्रदेशवासियों की संवेदना और सम्मान को दर्शाता है। हनुमान जी की कृपा से कैप्टन स्मित शीघ्र स्वस्थ होकर अपने परिवार और देशवासियों के बीच लौटें, यही हम सभी की कामना है।

रायपुर में श्री दूधाधारी मठ के साथ-साथ विभिन्न हनुमान मंदिरों में भी सामूहिक पाठ हुआ। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने 11 बार हनुमान चालीसा का पाठ कर कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की मंगलकामना की।

गौरतलब है कि फ्लाईदुबई की दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने और विमान को सुरक्षित स्थिति में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घटना के बाद उनके साहस की व्यापक स्तर पर सराहना हुई है और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए देशभर में प्रार्थनाएं की जा रही हैं।

इस अवसर परभाजपा जिला अध्यक्ष श्री रमेश ठाकुर, सुभाष तिवारी, मोहन एंटी, अंबर अग्रवाल, सचिन मेघानी, बद्री गुप्ता, ममता सोनू तिवारी, राम कृष्ण धीवर, हरि बल्लभ अग्रवाल, विजय अग्रवाल, सालिक सिंह ठाकुर, आशीष धनगढ, बृजेश पांडे, सरिता वर्मा, चूड़ामणि निर्मलकर, जय श्री नायक, रमेश सपहा, राजेंद्र नायक, किशन व्यास, श्याम सुंदर अग्रवाल, चंद्रपाल धनगर, ममता नायक, सीमा सिंह, मनोज राजपूत, अभिषेक तिवारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *