नैनीताल,18 सितंबर। बहुचर्चित निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने फांसी लगा ली है। वह हरिद्वार के उत्तरी क्षेत्र भूपतवाला इलाके में मंदिर के सामने चाय की दुकान में फंदे से लटका मिला। तीन दिन पहले ही उसने वह दुकान खोली थी। प्रारंभिक जांच में सुसाइड की वजह पारिवारिक क्लेश बताया जा रहा है। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गौरतलब है कि निठारी कांड में सुप्रीम कोर्ट ने कोली को निर्दोष बताते हुए बरी किया था। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र कोली पिछले कुछ महीनों से हरिद्वार में रह रहा था। सुरेंद्र कोली मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण में मंगरुखाल गांव का रहने वाला था। आज सुबह हरिद्वार शहर कोतवाली की सप्त ऋषि पुलिस चौकी पर सूचना मिली कि सप्त सरोवर रोड लालमाता मंदिर के सामने सुरेंद्र कोली ने चाय की दुकान में फांसी लगा ली है।प्रथम दृष्टया पुलिस पारिवारिक क्लेश को आत्महत्या की वजह मान रही है। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई है।
निठारी कांड वाले सुरेंद्र कोली ने सुसाइड किया

