भिलाई नगर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), भिलाई में कार्यरत शारीरिक शिक्षिका ( पी.ई टीचर) एवं अंतरराष्ट्रीय जूडो रेफरी किरण शर्मा का चयन एशियन कैडेट एंड जूनियर जूडो चैंपियनशिप-2026 में रेफरी के रूप में किया गया है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 16 से 19 जुलाई 2026 तक अम्मान (जॉर्डन) में आयोजित होगी। किरण शर्मा 13 जुलाई 2026 को भारत से जॉर्डन के लिए रवाना होंगी।
इस प्रतियोगिता में उन्हें रेफरी के रूप में आमंत्रित किया गया है, जहां वे विभिन्न देशों के जुडो खिलाड़ियों के मुकाबलों में निर्णायक के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। इससे पूर्व भी किरण शर्मा अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिताओं में रेफरी के रूप में दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुकी हैं। उनकी यह उपलब्धि डीपीएस भिलाई, छत्तीसगढ़ तथा पूरे देश के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर डीपीएस भिलाई की हेडमिस्ट्रेस श्रीमती गीता जुंजानी, प्रिंसिपल-इन-चार्ज श्री अहमद जुंजानी, विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने किरण शर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल दायित्व निर्वहन की कामना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ के अध्यक्ष, किरण शर्मा के कोच एवं प्रेरणास्रोत श्री अरुण द्विवेदी तथा संघ के महासचिव श्री संभूराम सोनी ने भी उन्हें इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि किरण शर्मा अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने निष्पक्ष एवं उत्कृष्ट रेफरिंग से भारत और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाएंगी। किरण शर्मा ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय विद्यालय प्रबंधन, छत्तीसगढ़ प्रदेश जूडो संघ तथा अपने सभी वरिष्ठों के सहयोग, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा को दिया।

