जिले के 1400 से अधिक अभ्यर्थी होंगे शामिल,परीक्षा हेतु आवश्यक निर्देश जारी
बलौदाबाजार,10 जुलाई 2026/छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा-2024 का आयोजन 12 जुलाई को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। जिले में शासकीय दाउ कल्याण आर्टस एंड कॉमर्स पीजी कॉलेज बलौदाबाजार, शासकीय मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज बलौदाबाजार, सेजेस पं.चक्रपाणी शुक्ल हायर सेकेण्डरी बलौदाबाजार, पंडित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अम्बेडकर चौक बलौदाबाजार एवं एम.डी.वही. स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल बलौदाबाजार को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा में जिले के 1 हजार 474 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रवेश से पूर्व मेटल डिटेक्टर से अनिवार्य जांच (फ्रिस्किंग) की जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश -परीक्षा प्रारंभ होने के 15 मिनट पूर्व मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। सभी अभ्यर्थियों को कम से कम दो घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है, ताकि पहचान सत्यापन, मेटल डिटेक्टर से जांच एवं अन्य औपचारिकताएं समय पर पूरी की जा सकें। अभ्यर्थी केवल ऑनलाइन प्रवेश पत्र, मूल पहचान पत्र, पारदर्शी बिना लेबल वाली पानी की बोतल, नीले अथवा काले बॉल पेन तथा आवश्यकता होने पर दो पासपोर्ट साइज फोटो ही साथ ला सकते है। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, किसी भी प्रकार की घड़ी, नजर के चश्मे के अतिरिक्त अन्य चश्मा,आभूषण एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में पूरी तरह निषिद्ध रहेगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना भी अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपडे ही पहन कर परीक्षा केन्द्र में प्रवेश कर सकेंगे।कार्गो एवं डिजाइनर कपडे की अनुमति नहीं होगी. केवल सामान्य जींस पेंट एवं अन्य पैंट की अनुमति होगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें तथा समय से परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग दें।

