डायल 112 की तत्परता से बची जान, ‘गोल्डन आवर’ में मिला इलाज

बलौदाबाजार.रिसदा से बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ने से एक बाहरी राज्य का युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही तड़प रहा था। सूचना मिलते ही थाना सिटी कोतवाली की डायल 112 (बाज-01) टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया, जिससे समय पर उसका उपचार शुरू हो सका।
​हाथ-पैर से बह रहा था खून, चलने में भी था असमर्थ- कंट्रोल रूम से दोपहर 12:00 बजे इवेंट (सूचना) प्राप्त होते ही डायल 112 बाज-01 में तैनात आरक्षक त्रिलोचन ध्रुव और वाहन चालक खगेश मानिकपुरी बिना एक पल का समय गंवाए तत्काल घटनास्थल रिसदा-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग के लिए रवाना हुए। ​मौके पर पहुंचने पर देखा कि एक मोटरसाइकिल सवार सड़क के पास गहरे गड्ढे का अंदाजा नहीं लगा पाया और बाइक गड्ढे में चले जाने के कारण अनियंत्रित होकर दूर जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि युवक के हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, जिससे लगातार खून बह रहा था और वह अत्यधिक दर्द के कारण उठने या चलने में पूरी तरह असमर्थ था।

​पुलिस टीम ने जब घायल से पूछताछ की, तो उसकी पहचान मोहम्मद जुबेर अंसारी, निवासी धनबाद (झारखंड) के रूप में हुई। आरक्षक त्रिलोचन ध्रुव और चालक खगेश मानिकपुरी ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए घायल जुबेर को अत्यंत सावधानीपूर्वक उठाकर डायल 112 वाहन में शिफ्ट किया और तुरंत जिला अस्पताल बलौदाबाजार लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घायल युवक का आपातकालीन उपचार शुरू किया।
​मुस्तैदी की सराहना:- मुख्य मार्ग पर दोपहर के समय हुए इस हादसे के बाद सिटी कोतवाली डायल 112 की टीम ने जिस प्रकार ‘गोल्डन आवर’ में त्वरित रिस्पॉन्स दिया, उससे दूसरे राज्य से आए एक नागरिक की जान समय पर सुरक्षित हो सकी। पुलिस की इस तत्परता और सेवा भावना की अस्पताल परिसर और स्थानीय राहगीरों द्वारा प्रशंसा की जा रही है।
पुलिस की अपील- वर्षा ऋतु के दौरान सड़कों पर गड्ढों और फिसलन की आशंका बढ़ जाती है, अतः वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें और गति नियंत्रित रखें। आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *