अंधेरे में मवेशी से टकराकर सड़क पर तड़प रहा था अज्ञात बाइक सवार, सिटी कोतवाली डायल 112 ने त्वरित रेस्क्यू कर जिला अस्पताल में कराया भर्ती

बलौदाबाजार। थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार के अंतर्गत आने वाले ग्राम डोटोपार मेन रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रात्रि के घने अंधेरे में एक मोटरसाइकिल सवार मवेशी (गाय) से टकराकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की डायल 112 (बाज-01) टीम ने सजगता दिखाते हुए घायल को तत्काल जिला अस्पताल बलौदाबाजार में भर्ती कराया।

​मवेशी से टकराकर बेहोश पड़ा था घायल, शिनाख्त की कोशिश जारी- ​कंट्रोल रूम से रात्रि 08:00 बजे इवेंट (सूचना) प्राप्त होते ही डायल 112 बाज-01 में तैनात आरक्षक त्रिलोचन ध्रुव और वाहन चालक जीवन राजपूत बिना एक पल का समय गंवाए तत्काल घटनास्थल ग्राम डोटोपार मेन रोड के लिए रवाना हुए। ​मौके पर पहुंचने पर देखा कि रात के अंधेरे में एक अज्ञात व्यक्ति मवेशी से टकराकर सड़क किनारे गंभीर हालत में पड़ा हुआ था। दुर्घटना के कारण उसे शरीर और सिर पर काफी चोटें आई थीं। घटनास्थल पर मौजूद मोटरसाइकिल पर “UP 72 AS 6918” लिखा हुआ है। घायल व्यक्ति बेहोशी की हालत में होने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है।
​डायल 112 की टीम ने ‘गोल्डन आवर’ में पहुंचाया अस्पताल- ​घायल की नाजुक स्थिति और रात के समय को ध्यान में रखते हुए आरक्षक त्रिलोचन ध्रुव और चालक जीवन राजपूत ने सूझबूझ का परिचय दिया। उन्होंने घायल अज्ञात व्यक्ति को अत्यंत सावधानीपूर्वक डायल 112 वाहन में शिफ्ट किया और तुरंत जिला अस्पताल बलौदाबाजार लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों को आपातकालीन स्थिति से अवगत कराते हुए घायल को तत्काल उपचार हेतु एडमिट कराया गया, जिससे उसकी जान बचाई जा सकी।
​पहचान के लिए अपील:- पुलिस ने वाहन नंबर (UP 72 AS 6918) के आधार पर घायल के परिजनों का पता लगाना शुरू कर दिया है। यदि कोई इस वाहन या व्यक्ति के संबंध में जानकारी रखता हो, तो तत्काल कोतवाली पुलिस या जिला अस्पताल से संपर्क कर सकता है। आरक्षक त्रिलोचन ध्रुव और चालक जीवन राजपूत की इस त्वरित कार्रवाई की अस्पताल प्रबंधन और नागरिकों द्वारा सराहना की जा रही है।
​बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की अपील: वर्षा ऋतु एवं रात्रि के समय सड़कों पर मवेशियों की बैठने की संभावना अधिक होती है, अतः वाहन चलाते समय हेडलाइट दुरुस्त रखें और गति सीमित रखें। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *