तेल विपणन कंपनियों ने शुक्रवार को 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 993 रुपए की बड़ी बढ़ोतरी की है। यह वृद्धि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊर्जा कीमतों में आई तेजी के कारण की गई है। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं को इस बार भी राहत दी गई है और उनके सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की नई कीमत अब 3,071.5 रुपए हो गई है। कीमतों में इस तेज बढ़ोतरी का असर मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर पड़ेगा। सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) ने स्पष्ट किया है कि देश के करीब 33 करोड़ घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सूचना के अनुसार, 28 फरवरी के बाद से यह तीसरी बार है जब कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इससे पहले मार्च की शुरुआत में करीब 115 रुपए की बढ़ोतरी की गई थी, इसके बाद 1 अप्रैल को लगभग 200 रुपए की वृद्धि दर्ज की गई, और अब एक बार फिर 993 रुपए का बड़ा इजाफा किया गया है।
आईओसीएल ने यह भी बताया कि वैश्विक ऊर्जा कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा, एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की दरें भी स्थिर रखी गई हैं ताकि एयरलाइंस और यात्रियों पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
कमर्शियल LPG सिलेंडर 993 रुपए महंगा, घरेलू उपभोक्ताओं को राहत जारी

