बी.एन.बी. हाईस्कूल मैदान में संगीत मय कथा से राममय हुआ नगर
तिल्दा नेवरा। बी.एन.बी. हाईस्कूल मैदान, तिल्दा नेवरा में स्वर्गीय सोनचंद वर्मा स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा का भव्य शुभारंभ किया गया। यह आयोजन 1 फरवरी से 7 फरवरी तक चलेगा।
कथा के प्रथम दिवस भव्य कलश यात्रा के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला और संगीत मय राम कथा के चलते तिल्दा नेवरा पूर्णतः राममय हो गया। पहले ही दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा स्थल पर पहुँचे।
कथा वाचन मानस विदुषी देवी चन्द्रकला जी द्वारा किया जा रहा है। उनके मुखारविंद से श्रीराम चरित की दिव्य कथा का श्रवण करने नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बलौदाबाजार विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री टंक राम वर्मा पुष्पराज वर्मा परिवार सहित कथा स्थल पर पहुँचे और श्रद्धालुओं का अभिवादन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कथा स्थल पर प्रतिदिन 22 जोड़ों द्वारा सामूहिक आरती का आयोजन किया जा रहा है, जिससे भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रीराम कथा का समापन 7 फरवरी को होगा।

