नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर ओमान पहुंच गए हैं। मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उनका स्वागत ओमान के रक्षा मामलों के उप प्रधानमंत्री सैयद शिहाब बिन तारिक अल सईद ने किया। इस अवसर पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
ओमान से आ रही तस्वीरों और वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने को लेकर भारतीय समुदाय में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। होटल परिसर में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की लंबी कतारें नजर आईं। लोगों के हाथों में भारतीय झंडे थे और ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंज रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर मस्कट को लेकर अपने भाव साझा करते हुए लिखा, “मस्कट, ओमान में लैंड किया। यह भारत के साथ पक्की दोस्ती और गहरे ऐतिहासिक संबंधों वाली जगह है। यह दौरा सहयोग के नए रास्ते तलाशने और हमारी साझेदारी को नई गति देने का अवसर प्रदान करता है।”
यह प्रधानमंत्री मोदी की तीन देशों की यात्रा का तीसरा और अंतिम चरण है। वे 17 और 18 दिसंबर को ओमान में प्रवास करेंगे। यह यात्रा भारत और ओमान के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रही है। दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ओमान में रह रहे भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। यह दुनिया की 18वीं संसद है, जहां उन्होंने भाषण दिया। प्रधानमंत्री ने कहा, “मुझे इथियोपिया आकर बहुत अच्छा लग रहा है। यह शेरों की धरती है। यहां मुझे अपने घर जैसा महसूस हो रहा है, क्योंकि मेरा गृह राज्य गुजरात भी शेरों की धरती है।”
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार को ही इथियोपिया पहुंचे थे। यह उनका इथियोपिया का पहला दौरा था। इस दौरान कई खास पल भी कैमरे में कैद हुए, जब प्रधानमंत्री अबी अहमद अली ने नेशनल पैलेस में उनका औपचारिक स्वागत किया। एयरपोर्ट से स्वागत और विदाई के लिए भी वे स्वयं वाहन चलाकर पहुंचे।
ओमान पहुंचे पीएम मोदी, बोले-‘भारत के साथ पक्की दोस्ती और गहरे ऐतिहासिक संबंधों वाली भूमि’

