Vijay की करूर रैली में भगदड़ से 39 की मौत, TVK ने दिया 20 लाख मुआवजे का ऐलान

तमिलनाडु. तमिलनाडु के करूर में विजय की जनसभा में मची भगदड़ ने 39 जानें ले लीं, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे शामिल थे, जिससे राज्य में गहरे सदमे का माहौल है। इस भयावह हादसे के बाद अभिनेता-राजनेता विजय ने मृतकों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने इसे राज्य की सबसे बुरी त्रासदियों में से एक बताते हुए विस्तृत न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं, ताकि घटना के कारणों और जिम्मेदारियों का पता चल सके। तमिलनाडु के करूर में शनिवार शाम अभिनेता और राजनेता विजय की रैली में मची भीषण भगदड़ में 10 बच्चों और 16 महिलाओं सहित 39 लोगों की दुखद मौत हो गई। इस बड़ी त्रासदी के बाद चेन्नई में विजय के आवास के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। विजय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ितों की मदद के लिए सहायता राशि देने की घोषणा भी की है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने इस घटना को राज्य की हाल की सबसे बुरी त्रासदियों में से एक बताते हुए, मद्रास उच्च न्यायालय की सेवानिवृत्त न्यायाधीश अरुणा जगदीशन के नेतृत्व में न्यायिक जाँच आयोग के गठन की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने स्थिति की समीक्षा के लिए चेन्नई में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक भी की।
विजय ने मुआवजा राशि की घोषणा की

तमिलगा वेत्री कझगम के प्रमुख विजय ने एक बयान जारी कर इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। विजय ने कहा कि करूर में जो हुआ, उसे सोचकर उनका दिल और दिमाग गहरे भारीपन से भरा है। उन्होंने कहा कि अपनों को खोने के अपार दुःख को बयां करने के लिए उनके पास शब्द नहीं हैं। उन्होंने सभी प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और इसे अपूर्णीय क्षति बताया। पीड़ितों की मदद के लिए, विजय ने घोषणा की कि वह मृतकों के परिवारों को 20 लाख रुपये और घायलों को 2 लाख रुपये की सहायता राशि देंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि उनका तमिलगा वेत्री कझगम संगठन इलाज करा रहे घायलों को हर संभव सहायता प्रदान करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *