इंदौर .इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या से जुड़े मामले में भले ही मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी समेत चार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी हो, लेकिन इस मामले में चौंकाने वाले खुलासे होने लगातार जारी है। इसी कड़ी में इस केस में एक नया नाम जितेंद्र रघुवंशी का जुड़ गया है। यह शख्स कौन है और इसका इस केस से क्या ताल्लुक है, वह हम आपको बता रहे हैं। जितेंद्र का नाम तब सामने आया, जब इस केस के एक आरोपी और सोनम के कथित प्रेमी राज कुशवाहा के बैंक अकाउंट की जांच की गई। जिसमें पता चला कि बेहद गरीब परिवार से आने वाले राज कुशवाहा एक-दो नहीं बल्कि चार अकाउंट्स से ट्रांजेक्शन कर रहा था और खास बात यह है कि ये चारों अकाउंट उसके ना होकर देवास के रहने वाले किसी जितेंद्र रघुवंशी के हैं।जिसके बाद पुलिस इस केस में हवाला के एंगल से भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि यह वही अकाउंट है जिसमें से राज ने राजा हत्याकांड के लिए अपने साथियों को 50 हजार रुपए दिए थे।
राज ही देखता सोनम के परिवार का पूरा बिजनेस
सोनम के परिवार के अनुसार राज कुशवाहा उनकी प्लाईवुड की फैक्ट्री में पैसों के लेन-देन और मैनेजमेंट से जुड़ा काम देखता था और सभी ग्राहकों को वही संभालता था। वो वहां दो-तीन साल से काम कर रहा था, और उसे उनके कारोबार और ग्राहकों की पूरी जानकारी थी। जिसके चलते सोनम से उसकी लगातार बातचीत होती थी। जिसके बाद पुलिस ने राज और जितेंद्र दोनों का कनेक्शन हवाला रैकेट से होने का शक जताया है, साथ ही उसे इस बात का शक भी है कि सोनम ने राज के जरिए ही लाखों रुपए हवाला के जरिए कहीं और भिजवाए होंगे।

