नारायणपुर.छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 6 माओवादी मारे गए। बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) सुंदरराज पी. ने इस मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी माओवादियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मुठभेड़ स्थल से AK-47, SLR राइफल जैसे स्वचालित हथियार, विस्फोटक सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की गई हैं।
पुलिस को अबूझमाड़ के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और कोंडागांव जिलों की जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और विशेष कार्य बल (STF) की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को सर्चिंग अभियान शुरू किया। दोपहर के समय अबूझमाड़ के घने जंगलों में नक्सलियों से सुरक्षा बलों का आमना-सामना हुआ। नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षा बलों ने भी त्वरित कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में 6 माओवादी मारे गए।
IG सुंदरराज पी. ने बताया कि मुठभेड़ स्थल पर रुक-रुककर गोलीबारी हुई, और सर्चिंग अभियान के दौरान 6 माओवादियों के शव बरामद किए गए। मारे गए नक्सलियों में कुछ वरिष्ठ कैडर शामिल हो सकते हैं, जिनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। मौके से भारी मात्रा में हथियार, जिसमें AK-47 और SLR राइफलें शामिल हैं, के साथ-साथ विस्फोटक सामग्री और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की गई है।

