हिमाचल में भूस्खलन की चपेट में आई बस, 15 शव बरामद

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में हो रही मूसलाधार वर्षा के बीच बिलासपुर जिले से मंगलवार शाम दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। घटना झंडूता उपमंडल के बरठीं क्षेत्र में भल्लू पुल के समीप एक निजी बस के भूस्खलन की चपेट में आने से हुई है। भारी बारिश के बाद अचानक पहाड़ी से मलबा और बड़े-बड़े पत्थर बस पर आ गिरे, जिससे बस पूरी तरह मलबे में दब गई। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। अब तक 15 शव बरामद होने की खबर सामने आई है, जबकि कई यात्री लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। मलबे में दबे लोगों को निकालने के लिए पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग लगातार रेस्क्यू अभियान में जुटे हैं। अब तक दो बच्चियों को जीवित बाहर निकाला गया है। कई यात्रियों को अचेत अवस्था में निकालकर अस्पताल भेजा गया है। यह संतोषी नामक निजी बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी और अचानक भूस्खलन की चपेट में आ गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने और घायलों को तुरंत उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *