रामनवमी पर सुरक्षा बलों ने आयोजित किया विशाल भंडारा

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में जवानों की अनूठी पहल, कन्या पूजन के साथ हजारों ग्रामीणों ने ग्रहण किया प्रसाद

उसूर। बीजापुर जिले के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र उसूर में रामनवमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर यहां तैनात एफ/196 बटालियन और एफ/205 कोबरा के जवानों ने एक सराहनीय पहल करते हुए कन्या पूजन और विशाल भंडारे का आयोजन किया, जिसमें आसपास के गांवों से हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया और स्वादिष्ट प्रसाद ग्रहण किया।
जवानों और ग्रामीणों के बीच दिखा सौहार्दपूर्ण माहौल
बटालियन के कमांडेंट कुमार मनीष और द्वितीय कमान अधिकारी दिनेश, गोपाल सिंह बुनकर, धीरेंद्र पाठक (उप कमांडेंट कोबरा 205 बटालियन) के मार्गदर्शन में आयोजित इस भंडारे में समवाय अधिकारी संतोष कुमार पटेल के नेतृत्व में सभी कार्मिकों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। इस आयोजन में न केवल उसूर बल्कि नडपल्ली, गलगम, भूसापुर, टेकमेटला, मारुडबाका, पुजारी कांकेर और नेलाकांकेर जैसे दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।

स्थानीय नेताओं और अधिकारियों ने भी लिया भाग
इस अवसर पर उसूर के थाना प्रभारी निरीक्षक जय सिंह खूंटे, सरपंच इलयाना भीमा कट्टम, मारुडबाका के सरपंच रामा पोडियम, पुजारी कांकेर के सरपंच कोसा पोडियम, जनपद सदस्य सरोजिनी सीपी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उसूर के डॉ विनीत जॉन सहित कई गणमान्य नागरिकों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

सुरक्षा बलों की पहल से मजबूत हो रहे रिश्ते

नक्सल मोर्चे पर तैनात जवानों द्वारा आयोजित इस विशाल भंडारे की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। उनका मानना है कि इस तरह के आयोजनों से सुरक्षा बलों और स्थानीय समुदाय के बीच बेहतर और मधुर संबंध स्थापित हो रहे हैं, जो क्षेत्र में शांति और विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जवानों की इस पहल ने रामनवमी के पावन अवसर को और भी विशेष बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *