राज्यपाल रामेन डेका ने अपने अभिभाषण में कहा – बस्तर में आखिरी सांसे ले रहा नक्सलवाद

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज पहला दिन है। सदन में राज्यपाल रमेन डेका का अभिभाषण शुरू हो गया है। राज्यपाल रमेन डेका ने अपने अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। राज्यपाल ने कहा कि, 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ में विकास के नए आयाम गढ़े हैं। इससे पहले कार्यमंत्रणा समिति की बैठक हुई।
राज्यपाल डेका ने कहा कि, एक वर्ष का कार्यकाल सरकार ने पूरा किया। जनता को लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। नगरीय निकायों में नई बॉडी चुनी गई है। छत्तीसगढ़ में ट्रिपल इंजन की सरकार विकास करेगी।
बस्तर में नक्सलवाद ले रहा अंतिम सांस – राज्यपाल
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि, हमारी सरकार ने लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को मजबूत किया है। छत्तीसगढ़ के किसानों के चेहरे पर खुशी नजर आ रही है। प्रदेश के ट्राइबल संग्राहकों को उचित कीमत मिल रहा है। आगे राज्यपाल ने कहा कि, आज बस्तर में नक्सलवाद अंतिम सांसें ले रही है।
खेती-किसानी को हाइटेक करने की दिशा में कार्य कर रही सरकार
राज्यपाल ने अपने अभिभाषण के दौरान कहा, मेरी सरकार खेती-किसानी को हाइटेक करने की दिशा में कार्य कर रही है। फसल का उचित दाम मिलने से किसान भाइयों को पर्याप्त बचत हो रही है। मेरी सरकार के प्रोत्साहन और अपनी बचत के चलते किसान भाई तेजी से कृषि यंत्रों की खरीदी कर रहे हैं। इस बार रिकॉर्ड संख्या में ट्रैक्टर की बिक्री हुई है।
क्लाइमेट चेंज से जुड़ी चुनौतियों को समझती है सरकार
राज्यपाल ने कहा, मेरी सरकार क्लाइमेट चेंज से जुड़ी चुनौतियों को समझती है। इसके अनुरूप खेती-किसानी को सहेजने ऐसे बीज तैयार किये जा रहे हैं, जो मौसम की मार झेल सकें, अधिक उत्पादन कर सकें। जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए मेरी सरकार प्रतिबद्ध है। मेरी सरकार ने जैविक खेती मिशन अंतर्गत अब तक 22 हजार 180 हेक्टेयर रकबे का जैविक जीपीएस प्रमाणीकरण कर 39 हजार 950 किसानों को लाभान्वित किया है। मेरी सरकार फसल वैविध्यकरण को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य कर रही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने अभिभाषण के दौरान की टोका-टाकी
अपने अभिभाषण के दौरान राज्यपाल ने कहा, ‘महतारी वंदन योजना’ की इस राशि का उपयोग वे बचत के लिए भी कर रही हैं। बड़े पैमाने में पोस्ट ऑफिस में माताओं-बहनों ने खाते खोले हैं। जब हम माताओं-बहनों को सशक्त करते हैं, तो पूरा परिवार सशक्त होता है। परिवार से समाज और समाज से राष्ट्र सशक्त होता है। छत्तीसगढ़ शक्तिपूजा का केंद्र है। मेरी सरकार माताओं-बहनों के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए महीने की पहली तारीख को ‘महतारी वंदन योजना’ की एक हजार रुपए की राशि 69 लाख 54 हजार माताओं-बहनों के खाते में दी जाती है। इन माताओं-बहनों के लिए एक हजार रुपए की राशि बहुत मायने रखती है। माताएं-बहनें इससे अपने लिए और बच्चों के लिए छोटी-छोटी खुशियां खरीदती हैं। उनके लिए अच्छी शिक्षा का इंतजाम करती हैं। इलाज के लिए दवा खरीदती हैं।
गौरतलब है कि, राज्यपाल द्वारा अभिभाषण के दौरान टोका-टाकी की गई। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अभिभाषण के दौरान आपत्ति जताई। पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि, प्रदेश में कोई योजना संचालित नहीं हो रही है। महतारी वंदन के अतिरिक्त सभी योजनाओं को बंद कर दिया गया है।
अटल पत्र के हर संकल्प पूरा करेगी सरकार- सीएम साय
कार्यमंत्रणा समिति की बैठक समाप्त होने के बाद सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि, पिछली बार समावेशी बजट से मोदी गारंटी को पूरा किए गए हैं। इस वर्ष का बजट कल्याणकारी और समावेशी होगा। अटल जी के हर संकल्प को सरकार पूरा करेगी। ट्रिपल इंजन की सरकार छत्तीसगढ़ में बन गई है। नगरीय और पंचायती क्षेत्रों में विकास काम होंगे। आगे कहा कि, अगला सत्र नए विधानसभा भवन में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *