ढाका: बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब उत्तरी बांग्लादेश के दिनाजपुर जिले में हिंदू समुदाय के एक प्रमुख नेता को घर से अगवा किया गया और बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। बांग्लादेश के मीडिया आउटलेट में ये जानकारी दी गई है। ‘डेली स्टार’ अखबार ने पुलिस और परिवार के हवाले से बताया कि ढाका से लगभग 330 किलोमीटर दूर उत्तर पश्चिम में दिनाजपुर के बसुदेबपुर गांव के निवासी भाबेश चंद्र रॉय का शव बृहस्पतिवार को बरामद किया गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार भाबेश चंद्र इलाके में हिंदू समुदाय के प्रमुख नेता थे, जो बांग्लादेश पूजा उद्यापन परिषद की बिराल इकाई के उपाध्यक्ष भी थे। रॉय की पत्नी शांतना ने ‘द डेली स्टार’ को बताया कि उन्हें (रॉय) शाम करीब 4:30 बजे एक फोन आया। उन्होंने (शांतना) दावा किया कि अपराधियों ने घर पर उनकी मौजूदगी की पुष्टि करने के लिए यह फोन किया था। लगभग 30 मिनट बाद, दो मोटरसाइकिल पर चार लोग आए और कथित तौर पर भाबेश को परिसर से अगवा कर ले गए। इसमें बताया गया कि रॉय को नाराबारी गांव ले जाया गया, जहां उनके साथ क्रूरता से मारपीट की गई। कई प्रत्यक्षदर्शियों ने भी हमलावरों को भाबेश को अगवा करके ले जाते देखा।
रिपोर्ट के अनुसार, बाद में हमलावरों ने भाबेश को एक वैन में लाकर उसके घर के बाहर डाल दिया। उन्हें तुरंत बिराल उपजिला स्वास्थ्य परिसर ले जाया। इसके बाद उन्हें दिनाजपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बिराल पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी ने कहा कि पुलिस संदिग्धों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए काम कर रही है।
बांग्लादेश में हिंदू नेता की पीट-पीटकर हत्या

