बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार को सुरक्षा बलों के साथ जारी मुठभेड़ में अब तक 8 नक्सली मारे गए हैं। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से अत्याधुनिक हथियार भी बरामद किए हैं। रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है। झारखंड के डीजीपी ने बताया बताया कि बोकारो मुठभेड़ में एक करोड़ रुपये का इनामी माओवादी विवेक भी मारा गया है। वहीं, सीआरपीएफ ने बताया कि बोकारो की मुठभेड़ में जवानों ने कुल 8 नक्सलियों के शव बरामद किए हैं। एक एके सीरीज राइफल, एक एसएलआर, तीन इंसास राइफल, एक पिस्तौल और 8 देशी भरमार राइफलें बरामद की गई हैं। जवानों को किसी तरह की चोट की खबर नहीं है। गोलीबारी बंद हो गई है और सर्च ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के मुताबिक, झारखंड के बोकारो जिले में सोमवार सुबह सीआरपीएफ के कोबरा कमांडो और झारखंड पुलिस के जॉइंट ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में 8 नक्सली मारे जाने की खबर है। अधिकारियों ने बताया कि यह मुठभेड़ जिले में लालपनिया इलाके के लुगु हिल्स में सुबह करीब साढ़े 5 बजे शुरू हुई। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों एवं नक्सलियों के बीच मुठभेड़ अभी जारी है।
कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन (कोबरा) सीआरपीएफ की एक स्पेशल यूनिट है, जो गुरिल्ला और जंगल युद्ध, विशेष रूप से नक्सली खतरे से निपटने में, अपनी दक्षता के लिए जानी जाती है।

