जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा किया जा रहा है बलौदाबाजार बास्केटबॉल-वालीबॉल लीग का आयोजन

बलौदाबाजार। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा दिनांक 24 एवं 25.05.2025 को दो दिवसीय खेल प्रतियोगिता बलौदाबाजार बास्केटबाल-व्हालीबाल लीग का आयोजन किया जा रहा है। उक्त खेल प्रतियोगिता जिला स्टेडियम बलौदाबाजार में आयोजित है। बलौदाबाजार बास्केटबाल-व्हालीबाल लीग का आयोजन नशा मुक्ति, साइबर एवं यातायात जागरूकता अभियान के तहत किया जा रहा है। जिला पुलिस बल द्वारा इस प्रकार से खेल प्रतियोगिता के आयोजन का यह पहला कार्यक्रम है। इस खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आमजनों को नशा मुक्ति से समाज को होने वाले फायदे, साइबर अपराध, साइबर ठगों से सावधानी एवं यातायात जागरूकता के तहत सुगम एवं सुरक्षित परिवहन के लिए यातायात नियमों की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करना है।

आज दिनांक 24 05.2025 को शाम 05:00 जिला स्टेडियम बलौदाबाजार में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती आकांक्षा जायसवाल अध्यक्ष जिला पंचायत बलौदाबाजार-भाटापारा, पुलिस अधीक्षक श्रीमति भावना गुप्ता की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं मेजर ध्यानचंद जी की फोटो में माल्यार्पण कर खेल प्रतियोगिता बास्केटबॉल-व्हालीबाल लीग का उद्घाटन किया गया। इस दौरान श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा अपने संबोधन में कहा गया कि जिला पुलिस द्वारा यह आयोजन निश्चय ही स्थानीय ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को और निखारने एवं राज्य स्तर में इन्हें अपनी अलग पहचान देने में मदद करेगा। साथ ही इस प्रतियोगिता में शामिल समस्त खिलाडी पुलिस वालंटियर के रूप में आमजनों को भी नशा मुक्ति के फायदे, साइबर एवं यातायात जागरूकता के संबंध में आमजनों एवं अपने परिवार के सदस्यों को भी लगातार जागरूक करेंगे।

खेल प्रतियोगिता में बास्केटबॉल एवं व्हालीबॉल की महिला एवं पुरुष की 08-08 टीमें भाग ले रही हैं। आज उद्घाटन के अवसर पर तरेंगा एवं रावनभांटा किंग्स भाटापारा के मध्य बास्केटबॉल मैच का आयोजन किया गया। इसी प्रकार सिमगा एवं कुरकुटी बया के मध्य व्हालीबॉल मैच का आयोजन किया गया। मैच प्रारंभ होने के पूर्व मुख्य अतिथियों द्वारा टीम के समस्त खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें अपने मैच के लिए शुभकामनाएं दिया गया। यह खेल प्रतियोगिता कल दिनांक 25.05.2025 को भी लगातार जारी रहेगी तथा शाम के समय समापन अवसर के विजयी टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *