रायपुर. छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. बारिश के साथ ओले गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है. आज रायपुर, बलौदाबाजार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, जशपुर समेत कई जिलों में झमाझम बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है. तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण मुंगेली, बलौदाबाजार, जांजगीर जिले में बिजली सप्लाई ठप हो गई है. सोमवार को भी कई जिलों में ओले गिरे हैं. इसके चलते प्रदेश के तापमान में करीब 10 डिग्री गिरावट दर्ज की गई है. वहीं बेमौसम बारिश का असर किसानों की फसलों पर पड़ने लगा है.
मुंगेली जिले में आज अचानक मौसम का मिजाज बदला. तेज आंधी तूफान के साथ झमाझम बारिश हो रही है. कई क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई है. इससे दलहन-तिलहन की फसलों को नुकसान हो सकता है. इधर भारी बारिश से बिजली व्यवस्था बाधित हो गई है. नगर सहित कई गांव में ब्लैक आउट है. बलौदाबाजार-भाटापारा में भी आंधी तूफान के साथ बारिश हो रही. इससे बिजली सप्लाई ठप हो गई है. जांजगीर में भी तेज हवा के साथ बारिश हो रही. इसके चलते जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण ग्रामीण इलाकों में बिजली बंद है.
अप्रैल माह में मौसम लगातार करवट ले रहा है, जिससे प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में बड़ा उतार-चढ़ाव बना हुआ है. 44.4 डिग्री तक पहुंचे अधिकतम तापमान ने बीते कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, लेकिन छत्तीसगढ़ में प्रभावी विभिन्न द्रोणिकाओं के असर से तापमान में करीब 10 डिग्री गिरावट भी दर्ज की गई है. वहीं प्रदेश में बेमौसम बारिश से किसानों की रबि फसल को भारी नुकसान हुआ है. कल पेंड्रा, कवर्धा, कोरबा में ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है.
छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश, कई जिलों में जमकर गिरे ओले

