आठ लाख का इनामी डीव्हीसीएम और एक लाख का इनामी जनताना सरकार अध्यक्ष गिरफ्तार

बीजापुर – जिले में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना बासागुड़ा, भैरमगढ़, डीआरजी और कोबरा 210 की संयुक्त कार्यवाही में आठ लाख रुपये के इनामी डीव्हीसीएम और एक लाख रुपये के इनामी जनताना सरकार अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया।

पहली कार्रवाई में डीआरजी और कोबरा की संयुक्त टीम ने पोलमपल्ली के जंगल से मल्लैश कुंजाम (डीव्हीसीएम, जगरगुंडा एरिया कमेटी) को पकड़ा। उस पर आठ लाख रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी पर बासागुड़ा, तर्रेम, पामेड़, उसूर और आवापल्ली थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, पुलिस पार्टी पर हमला, लूट, डकैती और आगजनी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

दूसरी कार्रवाई में थाना जांगला और भैरमगढ़ पुलिस ने सर्चिंग के दौरान अनिल वेको (जनताना सरकार अध्यक्ष, बिरियाभूमि आरपीसी) को डारमेर से गिरफ्तार किया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है, जिनमें आईईडी ब्लास्ट, ग्रामीण की हत्या, पुलिस पार्टी पर फायरिंग और चुनाव के दौरान हमला शामिल हैं।

गिरफ्तार दोनों नक्सलियों को पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *