क्वेटा.पाकिस्तान के बलूचिस्तान में पिछले दिनों जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को ही विद्रोहियों ने बंधक बना लिया था। अब एक बार फिर से बलूचिस्तान के ग्वादर जिले में विद्रोहियों ने हमला किया है। इस हमले में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा बड़ी संख्या में वाहनों को भी नुकसान पहुंचा गया है और आग लगा दी गई। इन वाहनों में ज्यादातर वे हैं, जो बंदरगाह से निकले थे और उनमें सामान लदा हुआ था। इस तरह विद्रोहियों ने पाकिस्तान को करारा झटका देने के साथ ही चीन को भी चैलेंज किया है। ग्वादर पोर्ट का विकास पाकिस्तान में चीन की मदद से ही हुआ है। इसके अलावा चीन-पाकिस्तान कॉरिडोर का भी यह हिस्सा है। इस हमले ने एक बार फिर से बलूचिस्तान के हालात दुनिया के सामने उजागर किए हैं, जहां बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी समेत कई संगठन पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं।
यह हमला ग्वादर जिले के ताजबन इलाके में हुआ। हाईवे पुलिस के एसएसपी फहीज बलोच ने कहा कि हथियारबंद लोगों ने हाईवे को ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद इन लोगों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया और कई लोगों को चुन-चुनकर मार डाला। इस दौरान तीन बड़े-बड़े ट्रकों को भी आग के हवाले कर दिया गया, जिनमें ग्वादर पोर्ट से उतरा यूरिया अफगानिस्तान जाने के लिए लदा था। एसएसपी ने बताया कि सशस्त्र विद्रोहियों ने तुरबत, ताजबन, पंजगुर और पसनी में सड़कों को जाम किया था। इसके अलावा बोलन, कोलपुर और मास्तंग इलाकों में हाईवे ब्लॉक की खबरें आई हैं। किसी तरह पुलिस प्रशासन ने हाईवे को खुलवाया है, लेकिन तब विद्रोहियों ने बड़ा नुकसान कर दिया था।

