किसी का गर्दन काटा तो किसी का हाथ
बेंगलुरु,30 मई। कर्नाटक का विजयपुरा सामूहिक हत्याकांड से दहल उठा है। 25 एकड़ जमीन के लिए एक ही परिवार के 6 लोगों की हत्या कर दी गई। चडाचन पुलिस थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा गांव में जमीन विवाद में एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत 6 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। वहीं दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। गांव में पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस के मुताबिक वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे से 2:30 बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 25 एकड़ जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। निराले परिवार ने हाल ही में नीवरगी के तेली परिवार से यह जमीन खरीदी थी। यह जमीन पिछले करीब 15 वर्षों से विवादों में घिरी हुई थी और तेली परिवार इस पर खेती नहीं कर पा रहा था।
बताया जा रहा है कि जब निराले परिवार के सदस्य खरीदी गई जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे, तभी उन पर हमला कर दिया गया। हमलावरों ने हंसिया और अन्य धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया। घटना इतनी भयावह थी कि कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

