*फेडरेशन के लेटरहेड पर कूटरचित फर्जी पत्र के विरुद्ध एफआईआर की मांग, पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया लिखित शिकायत पत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन द्वारा अपने आधिकारिक लेटरहेड पर कूटरचित फर्जी पत्र तैयार किए जाने के गंभीर मामले में दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक रायपुर को लिखित शिकायत सौंपी गई है।*
*फेडरेशन के संयोजक श्री कमल वर्मा ने जारी विज्ञप्ति में बताया कि फेडरेशन, राज्य निर्माण के बाद से ही शासकीय कर्मचारियों एवं अधिकारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु शासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सतत रूप से सक्रिय है। हाल ही में फेडरेशन के संज्ञान में यह अत्यंत गंभीर मामला आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति/तत्व द्वारा प्रांतीय संयोजक के कूटरचित हस्ताक्षर के माध्यम से फेडरेशन के अधिकृत लेटरहेड का दुरुपयोग कर फर्जी पत्र तैयार कर उसे विभिन्न माध्यमों से प्रचारित किया गया है।*
*इस आशय की लिखित सूचना पत्र क्रमांक 659, दिनांक 16 मई 2025 के माध्यम से पुलिस महानिदेशक, छत्तीसगढ़ को पहले ही दी जा चुकी है, जिसमें शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई थी।*
*श्री वर्मा ने बताया कि अब तक दो फर्जी शिकायती पत्र फेडरेशन के संज्ञान में आए हैं, जो प्रधानमंत्री को संबोधित हैं। इन पत्रों के प्रेषण हेतु कूटरचित लिफाफों का उपयोग किया गया है, जिनकी प्रतिलिपियाँ पुलिस अधीक्षक को जांच हेतु सौंप दी गई हैं।*
*फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि उसका शासन से किया जाने वाला समस्त पत्राचार केवल अधिकृत व्हाट्सएप नंबर अथवा ईमेल आईडी के माध्यम से ही किया जाता है। अतः उक्त दोनों पत्र पूरी तरह से फर्जी, भ्रामक एवं कूटरचित हैं।*
*फेडरेशन ने पुलिस अधीक्षक रायपुर को समस्त तथ्यों से अवगत कराते हुए इन फर्जी पत्रों की उच्च स्तरीय जांच कराते हुए दोषियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *