धमतरी । पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में जुआ-सट्टा, अवैध शराब और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने जालमपुर स्थित राठी गोदाम के पास जुआ खेल रहे छह आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर काट-पत्ती जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छह आरोपियों को जुआ खेलते पकड़ लिया। पुलिस ने जुआ फड़ और आरोपियों के कब्जे से 55 हजार 650 रुपए नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों में सकील अहमद (26), गोपाल साहू (32), दीपक कोसरिया (26), अजमद हुसैन (35), सुनील मेश्राम (26) और दुर्गेश्वर (35), सभी निवासी धमतरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 211/26 के तहत धारा 3(2) जुआ अधिनियम में मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
धमतरी पुलिस ने कहा कि जिले में जुआ-सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। ऐसी गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

