प्रतिदिन टैक्स वसूली का ब्यौरा व्हाट्सएप ग्रुप में करना होगा साझा, हर सप्ताह होगी समीक्षा बैठक
*भिलाई-03।* नगर पालिक निगम भिलाई-चरोदा में राजस्व वसूली की गति बढ़ाने और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से बुधवार, 25 नवंबर को राजस्व विभाग के कामकाज की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। निगम आयुक्त एस.के. सुंदरानी ने बैठक में प्रत्येक वार्ड में टैक्स वसूली की जिम्मेदारी संभाल रहे सहायक राजस्व निरीक्षकों से वन-टू-वन चर्चा कर मासिक राजस्व वसूली की जानकारी ली। साथ ही वसूली कार्य को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त सुंदरानी ने निर्देशित किया कि राजस्व वसूली में लगे सभी कर्मचारी प्रतिदिन संकलित की गई राशि का विवरण विभागीय लिपिक को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस ग्रुप में लेखा शाखा के कैशियर एवं अकाउंटेंट के साथ ऑनलाइन सर्वेक्षण का कार्य कर रही कंपनी के प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि राजस्व वसूली से संबंधित सभी जानकारियां एक ही माध्यम से साझा हो सकें।
उन्होंने कहा कि व्हाट्सएप ग्रुप में प्रतिदिन साझा किए जाने वाले राजस्व संग्रहण के आंकड़ों के आधार पर प्रत्येक सप्ताह समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें टैक्स कलेक्शन की प्रगति का आकलन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। इस व्यवस्था से राजस्व वसूली की नियमित निगरानी के साथ ही कर्मचारियों की कार्यप्रणाली और जवाबदेही भी सुनिश्चित की जा सकेगी।
बैठक में सहायक राजस्व अधिकारी श्रीमती अरुणिमा दुबे सहित सहायक राजस्व निरीक्षक राम अवतार साहू, बलराम चेलक, मोहम्मद यासिन, पदुम कुमार देशलहरा, राजेन्द्र चंद्राकार, बसंत वर्मा, मन्नू लाल, संतोष सिन्हा, लालाराम साहू, सृष्टि चंद्राकार, कृष्णा यादव एवं अर्जुन पाल उपस्थित रहे। इसके अलावा विभागीय लिपिक श्रीमती टी. रामेश्वरी और जलकर संग्रहणकर्ता भागवत निर्मलकर भी बैठक में शामिल हुए।

