प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम की सख्ती, इंदिरा मार्केट की पांच दुकानों पर कार्रवाई

प्रतिबंधित प्लास्टिक के खिलाफ निगम की सख्ती, इंदिरा मार्केट की पांच दुकानों पर कार्रवाई

दुर्ग/नगर पालिक निगम । शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम कमिश्नर लीना कोसम के निर्देश पर जनजागरूकता अभियान के साथ-साथ स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। निगम प्रशासन द्वारा बाजार क्षेत्रों में प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं डिस्पोजल के उपयोग, बिक्री और भंडारण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

इसी क्रम में निगम के अतिक्रमण विभाग एवं बाजार विभाग की संयुक्त टीम द्वारा इंदिरा मार्केट बाजार क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण कर प्रतिबंधित प्लास्टिक की जांच की गई। कार्रवाई के दौरान पांच दुकानों में प्रतिबंधित प्लास्टिक पाए जाने पर संबंधित दुकान संचालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।

जांच के दौरान जैन प्लास्टिक से 1,200 रुपये, गोयल डिस्पोजल से 1,000 रुपये, संजय प्लास्टिक से 1,000 रुपये, हरिराम प्लास्टिक से 700 रुपये तथा पंकज ट्रेडर्स से 1,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार निगम की टीम द्वारा पांच दुकानदारों से कुल 4,900 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की गई।
कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने सभी संबंधित दुकानदारों को स्पष्ट रूप से समझाइश दी कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग, बिक्री अथवा भंडारण नहीं किया जाए।

टीम ने चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग अथवा बिक्री करते पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई एवं जुर्माना लगाया जाएगा।

निगम प्रशासन ने शहर के सभी व्यापारियों एवं दुकानदारों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं डिस्पोजल का उपयोग न करें तथा स्वच्छता नियमों का पालन करते हुए पर्यावरण संरक्षण में निगम का सहयोग करें। निगम की टीम द्वारा बाजार क्षेत्रों में निरीक्षण एवं चालानी कार्रवाई का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।जन संपर्क/राजू बक्शी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *