महापौर मीनल चौबे की नगरवासियों से अपील – व्यावहारिक सोच अपनाएँ

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम की महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने नगरवासियों से अपील की है कि वे शहर में मकान या दुकान का चयन केवल उन्हीं स्थलों पर करें, जो नगर निगम से स्वीकृत और नियमों के अनुरूप हों। उन्होंने कहा कि नागरिकों को इस बात पर भी ध्यान देना चाहिए कि जहाँ वे दुकान या मकान ले रहे हैं, वहाँ पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था हो, जिससे भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। महापौर ने यह भी स्पष्ट किया कि रायपुर शहर के किसी भी स्थान पर मकान अथवा दुकान खरीदने से पूर्व संबंधित स्थल का लैंड यूज़ (भूमि उपयोग), स्वीकृति और वैधता की जानकारी अवश्य लेनी चाहिए, ताकि आगे चलकर किसी भी प्रकार की कार्यवाही अथवा असुविधा का सामना न करना पड़े। महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज बूढ़ातालाब (स्वामी विवेकानंद सरोवर) के नए बायपास मार्ग से सटी बूढ़ातालाब चौपाटी का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ नगर निगम एमआईसी सदस्य सर्वश्री महेन्द्र खोडियार, मनोज वर्मा, अवतार भारती बागल, अमर गिदवानी, दीपक जायसवाल, संतोष सीमा साहू, भोलाराम साहू, नंदकिशोर साहू, खेम कुमार सेन, श्रीमती सरिता आकाश दुबे, श्रीमती सीमा संतोष हियाल, श्रीमती सुमन अशोक पाण्डेय, श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, जोन 4 जोन अध्यक्ष श्री मुरली शर्मा, पार्षद श्री अजय साहू तथा जोन 4 जोन कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव, कार्यपालन अभियंता श्री शेखर सिंह, उपअभियंता श्री योगेन्द्र साहू और श्री हिमांशु चंद्राकर उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान वहाँ बनी 50 दुकानों में से 3 दुकानें खुली हुई पाई गईं। महापौर ने देखा कि वहाँ भारी गंदगी और साफ-सफाई की कमी थी, साथ ही वाहन पार्किंग प्रबंधन का भी कोई उचित इंतजाम नहीं था। इस स्थिति पर असंतोष जताते हुए महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। नगर निगम जोन 4 नगर निवेश विभाग ने जोन कमिश्नर श्री अरुण ध्रुव के निर्देश पर मौके पर ही खुली हुई 3 दुकानों को ताला लगाकर सीलबंद कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *