कवर्धा…. कबीरधाम पुलिस द्वारा अवैध रूप से नकली देशी प्लेन मदिरा तैयार कर ग्रामीणों को भट्टी शराब के नाम पर बेचने वाले एक संगठित और खतरनाक गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। यह गिरोह स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाली नकली शराब तैयार कर उसे स्थानीय लोगों को शराब दुकान पर मिलने वाली असली शराब की दर में बेच रहा था, जिससे गंभीर स्वास्थ्य जोखिम उत्पन्न हो रहे थे। यह पूरी कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक, राजनांदगांव रेंज श्री अभिषेक शांडिल्य (IPS) के निर्देशन में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं श्री पंकज पटेल के मार्गदर्शन, एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक तथा डीएसपी कृष्णा चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना बोड़ला एवं चौकी पोड़ी पुलिस, साइबर टीम तथा फील्ड स्टाफ ने संयुक्त रूप से यह महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए नकली शराब के इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया।
कार्रवाई के दौरान साइबर टीम की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल, मैपिंग और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी के आधार पर पुलिस को गिरोह के लोकेशन, सप्लाई चैन और सहयोगियों का पूरा ब्योरा प्राप्त हुआ, जिसके बाद टीम ने बिना समय गंवाए दबिश दी।
थाना प्रभारी बोड़ला रूपक शर्मा, साइबर प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान और चौकी प्रभारी पोड़ी उपनिरीक्षक लक्ष्मीनारायण साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम पोड़ी में आरोपी नंद कुमार कुर्रे के मकान पर छापा मारा। यहां नकली शराब का पूरा प्लांट संचालित पाया गया। गिरोह के सदस्य लंबे समय से दूसरे राज्य से पैकिंग सामग्री, ढक्कन, होलोग्राम, केमिकल और स्पिरिट मंगवाकर नकली देशी प्लेन शराब तैयार कर बेच रहे थे।

