भयानक टर्बुलेंस में फंसा एयर इंडिया का विमान,12 यात्री घायल

डगमगाया विमान, मची चीख-पुकार, आसमान में अटकी यात्रियों की जान

नई दिल्ली। फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक फ़्लाइट को ज़बरदस्त टर्बुलेंस (हवा के तेज़ झटकों) का सामना करना पड़ा, जिससे विमान की ऊंचाई अचानक कम हो गई और कई यात्रियों व क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं। कई रिपोर्ट्स के मुताबिक, टर्बुलेंस के दौरान विमान लगभग 300 फ़ीट नीचे गिर गया। एयर इंडिया ने एक बयान में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में लैंडिंग के बाद फ़्लाइट AI2379 से सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए और घायल लोगों को इलाज के लिए एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सुविधा में ले जाया गया। एयरलाइन ने घायलों की संख्या नहीं बताई, लेकिन सूत्रों के मुताबिक़ लगभग 12 यात्री घायल हुए हैं। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा हमारे यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई एयर इंडिया की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। हम प्रभावित लोगों को हर ज़रूरी मदद दे रहे हैं और जांच के सिलसिले में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। अभी तक किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। जिन कुछ यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं और जिन्हें मेडिकल जांच की ज़रूरत थी, उन्हें एहतियात के तौर पर जांच और देखभाल के लिए एअर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ़ द्वारा एयरपोर्ट पर ही मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया है। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और भलाई एअर इंडिया के लिए सबसे ज़रूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *