रायपुर। छत्तीसगढ़ उर्दू अकादमी के अध्यक्ष इदरीस गांधी ने नेपाल में कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान लापता तीन छत्तीसगढ़ी महिलाओं की तलाश एवं सुरक्षित वापसी के लिए मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तलाश अभियान तेज करने और वरिष्ठ नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग की है।
गांधी ने पत्र में विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और नेपाल प्रशासन के साथ तत्काल समन्वय कर तीनों महिलाओं की तलाश के प्रयास तेज करने तथा संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। साथ ही, परिजनों को नियमित और आधिकारिक जानकारी उपलब्ध कराने की मांग भी की है।
लापता महिलाओं में बिलासपुर की डॉ. प्रियंका चौधरी, मंजू राय चौधरी तथा अंबिकापुर की डॉ. मीना गुप्ता शामिल हैं। 25 अगस्त के बाद से परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो पाया है। परिवार उनकी सलामती और सुरक्षित वापसी को लेकर बेहद चिंतित हैं। इदरीस गांधी ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी उपलब्ध संसाधनों और संबंधित एजेंसियों को सक्रिय कर समन्वित प्रयास किए जाने चाहिए, ताकि तीनों महिलाओं की जल्द तलाश कर उन्हें सुरक्षित वापस लाया जा सके।

