भिलाई कुम्हारी थाना क्षेत्र में फोरलेन सड़क पर गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां दशमेश ढाबा के पास खड़ी, ऑक्सीजन सिलेंडरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली से स्कूटी की ज़बरदस्त भिड़ंत हो गई। सुबह करीब साढ़े 9 से पौने 10 बजे के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी पर सवार पांच लोगों में से चार की मौके पर ही मौत हो गई मृतकों में दो महिलाएं और दो मासूम बच्चे शामिल हैं, जो भिलाई-3 के नजदीक सोमनी गांव से रायपुर की ओर जा रहे थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अन्य बच्चे को तत्काल इलाज के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है कुम्हारी थाने पुलिस ने मृतकों के शवों को सुपेला के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल की मरच्यूरी भेज दिया है और आरोपी ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया कि दर्दनाक हादसे में सोमनी गांव की अमृत निर्मलकर पति लोकेश निर्मलकर ( 28 साल ) उसकी छोटी बहन धौंराभाठा उतई की रहने वाली लक्ष्मी निर्मलकर ( 26 साल ), याचना पिता लोकेश निर्मलकर ( 7 साल ) और लक्ष्मी की बेटी मिष्ठी ( 4 साल ) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भावेश निर्मलकर पिता लोकेश निर्मलकर ( 8 साल ) को घायल अवस्था में रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। चार मृतकों व एक घायल बच्चे सहित सभी पांच लोग स्कूटी क्रमांक सीजी 07 डीई 5847 में सवार थे। स्कूटी को अमृत निर्मलकर चला रही थी। स्कूटी सवार सभी लोग सोमनी से रायपुर स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। लक्ष्मी निर्मलकर अपनी बेटी के साथ धौंराभाठा उतई से सोमनी पहुंची थी। यहां से बड़ी बहन अमृत और उसके बच्चों के साथ रायपुर जाने निकले थे। सिरसा गेट अंडर ब्रिज मरम्मत के लिए बंद होने से स्कूटी सवार सभी लोग सोमनी से निकलकर जी केबिन, देवबलोदा होकर उरला दुग्ध संघ अंडर ब्रिज से फोरलेन सड़क पकड़कर रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान कुम्हारी थाना क्षेत्र में दशमेश ढाबा के पास आक्सीजन सिलेंडर से भरी ट्रैक्टर ट्राली सीजी 07 एनए 0930 खड़ी थी। इसी ट्रैक्टर ट्राली में स्कूटी सवार पीछे से जा भिड़े घटना में सभी चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम हेतु सुपेला के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल स्थित मरच्यूरी लाया गया है दुर्घटना में संलिप्त ट्रैक्टर को पुलिस ने जप्त कर कुम्हारी थाना परिसर में खड़े करवा दिया है ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा रहा है। फिलहाल इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार में जहां कोहराम मचा हुआ है वहीं सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों की लापरवाही फिर एक बार उजागर हुई है
ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई स्कूटी, चार की मौत

