आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में उटंगन नदी में डूबे युवकों की तलाश के लिए अब सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। सेना के स्पेशल कमांडो दो मोटर बोट के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए हैं। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें पहले से ही नदी में लोगों के निकालने में जुटी हैं। सेना टीम का साथ एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी साथ दे रही हैं। जब तक सभी लोगों को नदी से निकाल नहीं लिया जाता, तब तक ये ऑपरेशन लगातार चलेगा। सेना, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें रात में भी रेस्क्यू ऑपरेशन चलाएंगी। गहरे पानी और दलदल होने की वजह से रेस्क्यू होने के दिक्कतें आ रही हैं।
आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक के मुताबिक 13 लोग उटंगन नदी में डूबे हैं जिसमें से पांच लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। अब तक गगन, ओमपाल, मनोज, अभिषेक और भगवती के शव बरामद कर लिए हैं जबकि एक व्यक्ति विष्णु को बचा लिया गया था जो अस्पताल में भर्ती है। उसका इलाज चल रहा है।
दो अक्टूबर को करीब एक बजे खुशियांपुर के रहने वाले लोग उटंगन नदी में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने गए थे उसी दौरान दो युवक पानी में डूब गए। दोनों युवकों को बचा्ने की कोशिश में एक एक कर के 13 लोग डूब गए। आगरा में हुई दुखद घटना को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
विसर्जन के दौरान 13 डूबे, पांच शव बरामद

