वाशिंगटन। भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूस को भी धमका रहे हैं। उन्होंने गुरुवार को दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को ‘खत्म’ करार दिया। साथ ही संकेत दिए हैं कि अमेरिका अब रूस और भारत के साथ ज्यादा व्यापार नहीं करना चाहता। खास बात है कि रूस के साथ तेल खरीदने के चलते अमेरिका ने भारत पर जुर्माना भी लगाया है। ट्रुथ सोशल पर ट्रंप ने लिखा, ‘मुझे फर्क नहीं पड़ता कि भारत रूस के साथ क्या करता है। वो अपनी पहले ही खत्म अर्थव्यवस्थाओं को एक साथ और गिरा सकते हैं। हमने भारत के साथ बहुत कम व्यापार किया है, क्योंकि उनके टैरिफ बहुत ज्यादा हैं, बल्कि दुनिया में सबसे ज्यादा में से एक हैं। वैसे ही रूस और अमेरिका ना के बराबर व्यापार करते हैं। इसे ऐसा ही रहने देते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘और रूस के असफल राष्ट्रपति मेवदेव को जाकर बोल दो कि जरा संभलकर बात करे। वह बहुत ही खतरनाक इलाके में दाखिल हो रहे हैं।’ दरअसल, हाल ही में रूस के पूर्व राष्ट्रपति दिमित्री मेवदेव ने चेतावनी दी थी कि रूस के साथ वॉशिंगटन डीसी का खेल युद्ध का कारण बन सकता है।
ट्रंप ने भारत की अर्थव्यवस्था को मरी हुई बताया

