वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ 3 से 7 जून 2026 तक भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगी। वह पहले 1 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए भारत आने वाली थीं, लेकिन सम्मेलन स्थगित होने के बाद अब उनका यह कार्यकारी दौरा तय किया गया है। उनके साथ विदेश मंत्री, अर्थव्यवस्था एवं वित्त मंत्री, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री, संचार एवं सूचना मंत्री तथा परिवहन मंत्री सहित एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। यह रोड्रिगेज का भारत का छठा दौरा होगा। इससे पहले वह विदेश मंत्री और उपराष्ट्रपति के रूप में भी कई बार भारत आ चुकी हैं।
दौरे के दौरान कार्यवाहक राष्ट्रपति रोड्रिगेज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। बातचीत में ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, औषधि निर्माण, स्वास्थ्य सेवा, परिवहन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा।
वेनेजुएला का प्रतिनिधिमंडल भारत के ऊर्जा, औषधि और ऑटोमोबाइल क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न प्रतिष्ठानों का भी दौरा करेगा। इसका उद्देश्य भारत की तकनीकी और औद्योगिक क्षमताओं को समझना तथा सहयोग के नए अवसर तलाशना है।
भारत और वेनेजुएला के बीच ऊर्जा क्षेत्र में लंबे समय से सहयोग रहा है। भारतीय सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों ने वेनेजुएला के ऊर्जा क्षेत्र में महत्वपूर्ण निवेश किया है और दोनों देश इस सहयोग को और आगे बढ़ाने के इच्छुक हैं। हाल के महीनों में भारत ने वेनेजुएला से कच्चे तेल का आयात भी बढ़ाया है, जिससे ऊर्जा सहयोग को नई गति मिली है।
भारत और वेनेजुएला के संबंध ऊर्जा, व्यापार और वैश्विक दक्षिण (ग्लोबल साउथ) के साझा हितों पर आधारित हैं। माना जा रहा है कि यह दौरा दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगा तथा विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खोलेगा।
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ भारत दौरे पर, पीएम मोदी से करेंगी मुलाकात

