भाजपा विधायक का बिजली बिल भी जनता भरे क्या? – कांग्रेस


स्मार्ट मीटर से जनता की जेब काटने वाली सरकार के विधायक ने खुद नहीं भरा लाखों का बिल

रायपुर/03 सितंबर 2026। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार में स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता की जेब काटी जा रही है और महंगी बिजली दरों ने आम आदमी का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है। अब तो भाजपा के विधायक भी बिजली का बिल भरने में असमर्थ नजर आ रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी के गीदम स्थित आवास का बिजली कनेक्शन बकाया बिल जमा नहीं करने के कारण काट दिया गया। एक कनेक्शन पर करीब 2 लाख 30 हजार रुपए और दूसरे थ्री-फेज कनेक्शन पर 50 हजार 250 रुपए से अधिक का बकाया बताया जा रहा है। यानी दोनों कनेक्शनों पर करीब 2.80 लाख रुपए की बिजली बिल की देनदारी है।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि जिस भाजपा सरकार के नेता, जनता को समय पर बिजली बिल जमा करने का उपदेश देते हैं, उसी भाजपा के विधायक के आवास का लाखों रुपए का बिल बकाया है। सरकार पहले अपने विधायक से बिल जमा करवाए, फिर प्रदेश की जनता को बिजली बिल का ज्ञान दे।

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि यह और भी गंभीर सवाल है कि संबंधित भवन वन विभाग का है और विधायक को आवंटित किया गया है। ऐसे में सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि बिजली बिल की जिम्मेदारी किसकी है? जनता के टैक्स से चलने वाले सरकारी भवन का बिजली बिल कौन भरेगा और इतने लंबे समय तक बिल बकाया क्यों रहने दिया गया?

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार का स्मार्ट मीटर से जनता से स्मार्ट लूट हो रही है और भाजपा के नेता बिजली बिल भरे बिना मस्त है। आम आदमी का कनेक्शन कुछ हजार रुपए के बकाए पर काट दिया जाता है, लेकिन भाजपा विधायक के आवास पर लाखों का बिल बकाया कैसे रहा?

प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार बताए जनता से वसूली में इतनी तेजी और अपने विधायक से बिजली बिल वसूलने में इतनी नरमी क्यों? भाजपा की डबल इंजन सरकार में जनता महंगी बिजली से परेशान है और भाजपा के विधायक का घर ही बिजली कटौती का शिकार हो गया। इससे सरकार के बिजली व्यवस्था के बड़े-बड़े दावों की पोल खुल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *