जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा आयोजित किया गया सरपंच सम्मेलन कार्यक्रम

बलौदाबाजार। पुलिस कम्युनिटी हॉल बलौदाबाजार में जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा सरपंच सम्मेलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र से ग्रामों के कुल 70 की संख्या में सरपंच, सम्मेलन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के प्रारंभ में सुश्री अपूर्वा क्षत्रिय उप पुलिस अधीक्षक अजाक द्वारा सम्मेलन कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में प्रारंभिक जानकारी देते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात उनके द्वारा तथा श्री तुलसी लेकाम उप पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार, श्री तारेश साहू एसडीओपी भाटापारा द्वारा क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न थाना/चौकी क्षेत्र के ग्रामों में घटित अपराधों, अवैध गतिविधियों पर पुलिस द्वारा की गई कार्यवाहियों, सड़क दुर्घटना आदि के संबंध में प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दिया गया।

इसके बाद सरपंच सम्मेलन कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम सरपंचों द्वारा अपने-अपने ग्रामों के संबंध में विविध जानकारी, ग्राम की समस्याओं एवं अन्य गतिविधियों की बात रखा गया। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता द्वारा संबोधन में कहा गया कि पुलिस एवं सरपंच एक ही सिक्के के दो पहलू है। किसी क्षेत्र विशेष में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें ग्राम सरपंचों का भी परस्पर सहयोग अत्यंत आवश्यक है। ग्राम में यदि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अपराध आदि की सूचना मिलती है तो समस्त ग्राम सरपंच इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर सूचना पाकर पुलिस द्वारा ऐसे कार्यों में लिप्त अपराधियों को पकड़ा जा सके, जिससे ग्राम में शांति व्यवस्था बनी रहे एवं अपराध को होने से भी रोका जा सके। ग्राम सरपंच जनता के चुने हुए प्रतिनिधि होते हैं, जिससे सरपंच, पुलिस के साथ कदम से कदम मिलाकर ग्राम में शांति व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अवैध गतिविधियों की रोकथाम पर भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसके साथ ही ग्राम में साइबर जागरूकता, यातायात जागरूकता आदि में भी सरपंच अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। श्रीमती भावना गुप्ता ने आगे कहा कि यह सम्मेलन कार्यक्रम आगे भविष्य में विभिन्न ग्रामों में भी आयोजित किया जाएगा, जिसके माध्यम से पुलिस एवं आमजनों के मध्य सीधा संवाद रहेगा, जिससे ग्रामवासियों की विभिन्न समस्याओं, शिकायतों आदि की जानकारी लेकर उनका त्वरित निराकरण किया जा सके। सम्मेलन कार्यक्रम में विभिन्न ग्रामों में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी तथा आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में कुल 14 ग्राम सरपंचों को पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्री अभिषेक सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस की महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल एवं उसके हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 के बारे में जानकारी देते हुए सम्मेलन कार्यक्रम में उपस्थित समस्त सरपंचों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। संपूर्ण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्राम सरपंचों में एक अलग ही उत्साह देखा गया सभी सरपंच द्वारा सम्मेलन कार्यक्रम में ग्राम में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का हर संभव सहयोग करने की बातें कही गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *