अंतागढ़ ,भानुप्रतापपुर। भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर घोड़ापत्थर के पास सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार पांच युवक घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल युवकों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी युवक ग्राम केवटी से भानुप्रतापपुर की ओर आ रहे थे। बताया जा रहा है कि सभी एक ही परिवार के हैं। घोड़ापत्थर के पास पहुंचने पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांचों युवक घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भानुप्रतापपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। तीन युवकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खड़े ट्रक से टकराई कार, पांच युवक घायल; तीन की हालत गंभीर

