सरोना में निर्माणाधीन 100 बिस्तरीय अस्पताल का निरीक्षण, रायपुरा के विकास कार्यों की समीक्षा की विधायक राजेश मूणत ने

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से सरोना सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को मिलेगा लाभ

विकास कार्य समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों, अधिकारियों को दिए निर्देश

जनसुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों की गति सुनिश्चित करना प्राथमिकता : राजेश मूणत

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों एवं जनसुविधाओं से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेने विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री राजेश मूणत ने संत रविदास वार्ड, सरोना में निर्माणाधीन 100 बिस्तरीय अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। इसके साथ ही रायपुरा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा कर उनकी वर्तमान स्थिति एवं प्रगति के संबंध में चर्चा की।

सरोना में निर्माणाधीन 100 बिस्तरीय अस्पताल रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण परियोजना है। लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत इस अस्पताल में सामान्य चिकित्सा, प्रसूति एवं शिशु रोग, सर्जरी, आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं, एक्स-रे, पैथोलॉजी, ओपीडी तथा भर्ती मरीजों के लिए बिस्तर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके साथ ही मरीजों को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। अस्पताल के पूर्ण होने पर सरोना सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान श्री मूणत ने निर्माण कार्य की प्रगति, निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।

इसके पश्चात विधायक श्री राजेश मूणत ने रायपुरा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यों की प्रगति, निर्माण की स्थिति एवं कार्य पूर्ण होने की समयसीमा के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से भी चर्चा कर क्षेत्र की आवश्यकताओं और विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

विधायक श्री राजेश मूणत ने कहा, “रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, जल निकासी एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सरोना में 100 बिस्तरीय अस्पताल का निर्माण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। हमारा प्रयास है कि नागरिकों को उपचार के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी कम हो और उन्हें अपने आसपास ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।”

उन्होंने आगे कहा, “विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और स्थल निरीक्षण से उनकी प्रगति का वास्तविक आकलन होता है। संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।”

निरीक्षण एवं समीक्षा के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, नागरिक बंधु एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *