अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय पर लगातार कार्रवाई

राजनांदगांव । खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य सुचारू रूप से जारी है। जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में किसान उत्साहपूर्वक अपनी उपज का विक्रय करने पहुंच रहे हैं। किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केन्द्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। धान खरीदी के चौथे दिन आज 18 नवम्बर 2026 को जिले के 1274 किसानों से कुल 4 हजार 832.24 मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई। इस प्रकार जिले में धान खरीदी प्रारंभ होने से अब तक चार दिनों में कुल 4160 किसानों से 15 हजार 442.88 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 नवम्बर 2026 को जिले के 122 धान उपार्जन केन्द्रों के लिए कुल 1343 टोकन जारी किए गए थे। इन टोकनों के माध्यम से 5 हजार 538.10 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीकृत था। जारी टोकनों में से 94.86 प्रतिशत किसानों ने उपार्जन केन्द्रों में पहुंचकर अपना धान विक्रय किया। वहीं 19 नवम्बर 2026 को धान विक्रय के लिए जिले के 121 उपार्जन केन्द्रों में कुल 1425 टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकनों के माध्यम से 5 हजार 848.32 मीट्रिक टन धान विक्रय के लिए पंजीकृत है। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं उपार्जन केन्द्रों में अवैध धान खपाने के प्रयासों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है। राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 नवम्बर 2026 को जिले में अवैध धान के 5 प्रकरण दर्ज कर कुल 876 कट्टा अर्थात 350 क्विंटल धान जप्त किया गया। मंडी डोंगरगढ़ द्वारा ग्राम ढारा एवं देवकट्टा में 2 प्रकरणों में कुल 90 कट्टा अर्थात 36 क्विंटल धान जप्त किया गया। इसी प्रकार मंडी राजनांदगांव द्वारा ग्राम गठुला एवं भेड़ीकला में 2 पोहा उद्योगों से कुल 386 कट्टा अर्थात 154 क्विंटल धान जप्त किया गया। जांच के दौरान लाइसेंस की तय सीमा से अधिक धान का संग्रहण किए जाने तथा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने के कारण जप्ती की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त धान उपार्जन केन्द्र खैरझिटी में एक व्यक्ति द्वारा रबी फसल का धान खपाने का प्रयास किए जाने पर नायब तहसीलदार राजनांदगांव द्वारा कार्रवाई करते हुए 400 कट्टा अर्थात 160 क्विंटल धान जप्त किया गया। उल्लेखनीय है कि जिले में 17 नवम्बर 2026 तक अवैध धान के 13 प्रकरणों में 3039 कट्टा अर्थात 1378 क्विंंटल धान जप्त किया गया था। वहीं 18 नवम्बर को 5 नए प्रकरणों में 876 कट्टा अर्थात 350 क्विंटल धान जप्त किया गया। इस प्रकार जिले में अब तक अवैध धान के कुल 18 प्रकरणों में 3915 कट्टा अर्थात 1728 क्विंटल धान जप्त किया जा चुका है।
कार्रवाई के दौरान 2 वाहनों की भी जप्ती की गई है। जिला प्रशासन द्वारा अवैध धान के भंडारण, परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकने के लिए संबंधित विभागों द्वारा सतत निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *