रायपुर। शिक्षा, ज्ञान और पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने तथा युवाओं एवं विद्यार्थियों को पुस्तकों के माध्यम से बेहतर भविष्य की दिशा प्रदान करने के उद्देश्य से संचालित स्मृति पुस्तकालय योजना के अंतर्गत कलेक्टर कार्यालय स्थित रेडक्रॉस भवन, रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में रानी सौरभ जैन ने जिला प्रशासन रायपुर को विभिन्न विषयों पर आधारित ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी पुस्तकें भेंट कीं।
इस अवसर पर रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह जी सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रानी सौरभ जैन के साथ सौरभ जैन, उपाध्यक्ष भाजपा तिल्दा नेवरा शहर मंडल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान पुस्तकों को जिला प्रशासन को सौंपते हुए शिक्षा, साहित्य एवं ज्ञान के प्रसार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। इस पहल के माध्यम से पुस्तकालयों को समृद्ध बनाने, विद्यार्थियों एवं युवाओं तक उपयोगी साहित्य की पहुंच सुनिश्चित करने तथा समाज में अध्ययन की सकारात्मक परंपरा को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रानी सौरभ जैन ने कहा कि पुस्तकें केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे व्यक्ति के विचारों, व्यक्तित्व और जीवन की दिशा को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करती हैं। पुस्तकों के नियमित अध्ययन से नई जानकारियां प्राप्त होती हैं, सोचने-समझने की क्षमता विकसित होती है तथा व्यक्ति में आत्मविश्वास और रचनात्मकता का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में जहां युवाओं का रुझान मोबाइल और इंटरनेट की ओर तेजी से बढ़ रहा है, वहीं पुस्तकों के अध्ययन की आदत को बनाए रखना और आने वाली पीढ़ी को इससे जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। पुस्तकालय समाज के ज्ञान केंद्र होते हैं, जहां हर वर्ग के व्यक्ति को सीखने और अपने ज्ञान का विस्तार करने का अवसर मिलता है।
रानी सौरभ जैन ने कहा कि स्मृति पुस्तकालय योजना जैसी पहल शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। पुस्तकें उपलब्ध कराना केवल एक सहयोग नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के भविष्य को संवारने की दिशा में एक सार्थक योगदान है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को शिक्षा, साहित्य एवं पुस्तकालयों के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह जी एवं उपस्थित अधिकारियों के साथ शिक्षा, ज्ञान और सामाजिक सहभागिता से जुड़े विषयों पर सकारात्मक वातावरण में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
रानी सौरभ जैन एवं सौरभ जैन की इस पहल को शिक्षा एवं ज्ञान के प्रसार की दिशा में एक सराहनीय सामाजिक सहभागिता के रूप में देखा जा रहा है। निश्चित रूप से ऐसे प्रयास युवाओं में पढ़ने की रुचि विकसित करने और समाज में ज्ञान आधारित सकारात्मक वातावरण तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगे।

