छठ और शादियों के सीजन में हवाई किरायों में भारी उछाल, सीटीआई ने केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

त्योहारों और शादियों के सीजन में हवाई यात्रा महंगी हो गई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) की मानें तो पिछले 15 दिनों में हवाई किराया करीब 50 फीसदी तक बढ़ गया है। इससे व्यापारी, मिडिल क्लास और आम यात्री सभी परेशान हैं। इस मुद्दे को लेकर सीटीआई ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि विमान कंपनियां त्योहार और शादी के सीजन का फायदा उठाकर मनमाना किराया वसूल रही हैं। उन्होंने इसे आम आदमी की जेब पर सीधा हमला बताया। उनका कहना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो आने वाले दिनों में हालात और खराब हो सकते हैं।

बृजेश गोयल ने बताया कि अभी छठ पर्व चल रहा है। लाखों लोग अपने घर जाना चाहते हैं। वहीं, 20 नवंबर से शादियों का सीजन शुरू होने जा रहा है। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग दिल्ली से अपने शहरों की ओर यात्रा करना चाहते हैं लेकिन हवाई किराया सुनकर ही लोगों की हिम्मत टूट रही है। कई लोग मजबूरी में यात्रा टाल रहे हैं, तो कई लोग महंगे किराए के कारण ट्रेन और बस की ओर रुख कर रहे हैं।

सीटीआई ने इस संबंध में एक सर्वे भी किया है। सर्वे के अनुसार दिल्ली से कई प्रमुख शहरों के लिए हवाई किराया कुछ दिन पहले के मुकाबले लगभग दोगुना हो गया है। दिल्ली से पटना का किराया अब करीब 18,000 रुपये तक पहुंच गया है। दिल्ली से दरभंगा का किराया 20,000 रुपये हो गया है। दिल्ली से मुंबई के लिए यात्रियों को करीब 15,000 रुपये देने पड़ रहे हैं। दिल्ली से बेंगलुरु का किराया 16,000 से 18,000 रुपये के बीच है। दिल्ली से अहमदाबाद का किराया करीब 11,000 रुपये है जबकि दिल्ली से हैदराबाद का किराया 11,000 से 15,000 रुपये तक पहुंच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *