एशियन गेम्स 2026 में शनिवार का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियों से भरा रहा। 17 वर्षीय कुमकुम मोहोद ने दक्षिण कोरिया की येजिन ओह को शूट-ऑफ में हराकर महिला इंडिविजुअल रिकर्व में गोल्ड मेडल जीता और इस स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। वहीं, कुश्ती में अंतिम पंघाल और अमन सहरावत ने अपने-अपने वर्ग के फाइनल में जगह बनाकर भारत के दो और मेडल पक्के कर दिए, जबकि सागर जगलान और दीपक पूनिया ब्रॉन्ज मेडल के लिए मुकाबला करेंगे। कुमकुम और येजिन ओह के बीच फाइनल पांच सेट के बाद 5-5 से बराबर था। गोल्ड मेडल का फैसला शूट-ऑफ में एक ही तीर से हुआ। ओह ने 8 का स्कोर किया, जबकि कुमकुम ने दबाव के बीच 10 का निशाना लगाकर 6-5 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। फाइनल में कुमकुम की शुरुआत चुनौतीपूर्ण रही। ओह ने पहला सेट 29-27 से जीतकर 2-0 की बढ़त बनाई। दूसरा सेट 29-29 से बराबर रहने के बाद दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी 3-1 से आगे हो गईं। इसके बाद कुमकुम ने तीसरे सेट में लगातार तीन 10 लगाकर परफेक्ट 30 का स्कोर बनाया और 29 के स्कोर पर रुकी ओह के खिलाफ मुकाबला 3-3 से बराबर कर दिया।्
एशियन गेम्स 2026: कुमकुम मोहोद का ऐतिहासिक गोल्ड, अंतिम और अमन फाइनल में पहुंचे

